शनिवार, 12 सितंबर 2009

क्या गिनीज बुक में शामिल होंगी प्रियंका?


मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा आगामी फिल्म वाट्स योर राशि में 12 अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगी। इस बात की संभावना है कि इसके लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो सकता है।

इससे पहले ब्रिटिश अभिनेता लुपिनो लेन का नाम गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया था। वह वर्ष 1929 में प्रदर्शित फिल्म वनली मी में अलग-अलग 24 किरदारों में नजर आए थे। प्रियंका ने कहा कि गिनीज बुक में शामिल होने की संभावना से ही वह रोमांचित हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में वह लुपिनो लेन के अभिनय के बारे में अवगत हुई थीं। इससे पहले उन्हें संजीव कुमार और कमल हासन के बारे में जानकारी थी। फिल्म वाट्स योर राशि का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं। यह फिल्म 25 सितम्बर को प्रदर्शित होगी।

रैंप पर नजर आईं नीतू चंद्रा

कोलकाता। बॉलीवुड अभिनेत्री नीतू चंद्रा शुक्रवार रात कोलकाता फैशन वीक में रैंप पर नजर आईं। नीतू ने फैशन डिजायनर सौमित्र मंडल के डिजायनर कपड़ों में रैंप पर कैटवॉक किया। नीतू ने कहा, मैं उन परिधानों मैं खुद को सहज महसूस कर रही थी।
नीतू फिल्म ट्रेफिक सिग्नल से सुर्खियों में आई थीं। इस वर्ष उनकी छह फिल्में प्रदर्शित होंगी। वह इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में निर्देशक अनीस बजमी की फिल्म की भी शूटिंग कर रही हैं। फिल्म में वह अभिनेता संजय दत्त के साथ नजर आएंगी।